मैलानी पूर्व नगर पंचायत अध्यक्ष के घर चोरी का खौफनाक खेल बेनकाब! दिन में रेकी, रात में सफाया… नेपाल तक जुड़े तार

लखीमपुर खीरी। मैलानी इलाके में बंद मकानों को निशाना बनाकर चोरी की वारदातों को अंजाम देने वाले एक शातिर गिरोह का पुलिस ने खुलासा किया है। पुलिस ने हंसपुर चौराहे के पास से गिरोह के दो सदस्यों को गिरफ्तार किया है। इनके कब्जे से चोरी के जेवरात, 19,050 रुपये नकद, चोरी में इस्तेमाल की गई बजाज पल्सर मोटरसाइकिल और एक अवैध तमंचा-कारतूस बरामद हुआ है।
पुलिस के मुताबिक, यह गिरोह चोरी करने से पहले बाकायदा इलाके की रेकी करता था। काले रंग की पल्सर मोटरसाइकिल पर सवार होकर आरोपी गलियों और मोहल्लों में घूमते थे। उनकी नजर ऐसे मकानों पर रहती थी जिनके दरवाजे पर कई दिनों से ताला लटका हो और घर के लोग बाहर गए हों।
मकान चिन्हित होने के बाद शुरू होता था चोरी का असली खेल। मौका मिलते ही आरोपी ताला तोड़कर घर के अंदर दाखिल होते और कीमती सामान, जेवरात और नकदी लेकर फरार हो जाते थे। पुलिस की पूछताछ में मैलानी थाने में दर्ज दो चोरी के मुकदमों में आरोपियों की संलिप्तता सामने आई है।
पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सूरज सिंह थापा निवासी सिंगहिया, थाना पलिया और युनुस उर्फ चुन्ने खां निवासी महमूदनगर, पलिया के रूप में की है।
जांच में एक और चौंकाने वाली बात सामने आई है। पुलिस के अनुसार, आरोपियों के नेपाल से भी संपर्क होने की बात सामने आई है। चोरी के माल को नेपाल में खपाने की आशंका की जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि वारदात के बाद आरोपी कुछ समय के लिए गायब हो जाते थे और फिर वापस लौटकर अगली चोरी की योजना बनाते थे।
लेकिन इस बार पुलिस की नजर से बच नहीं सके।
हंसपुर चौराहे के पास पुलिस ने दोनों आरोपियों को दबोच लिया। तलाशी के दौरान चोरी से संबंधित 19,050 रुपये नकद, पीली धातु की एक चेन और सफेद धातु की एक जोड़ी पायल बरामद हुई। आरोपी सूरज सिंह थापा के पास से 315 बोर का अवैध तमंचा और जिंदा कारतूस भी मिला।
पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक युनुस का आपराधिक इतिहास लंबा है। उसके खिलाफ पलिया थाने में चोरी, आबकारी और आर्म्स एक्ट समेत कुल 14 मुकदमे दर्ज बताए गए हैं। वहीं सूरज सिंह थापा के खिलाफ कुल चार मुकदमों का आपराधिक इतिहास सामने आया है, जिसमें वर्ष 2023 का हत्या से संबंधित मुकदमा भी शामिल है।
मैलानी पुलिस ने चोरी के दोनों मामलों में बरामदगी के आधार पर धारा 317(2) बीएनएस की बढ़ोतरी की है। वहीं अवैध तमंचा बरामद होने पर सूरज सिंह थापा के खिलाफ आर्म्स एक्ट में अलग मुकदमा दर्ज किया गया है।
फिलहाल दोनों आरोपियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई पूरी करते हुए उन्हें न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है। पुलिस अब इस गिरोह के फरार साथी, नेपाल कनेक्शन और चोरी के माल को खपाने वाले नेटवर्क की पड़ताल में जुटी है।
यानी मैलानी के बंद मकानों पर नजर रखने वाला यह गिरोह अब पुलिस की गिरफ्त में है, लेकिन सवाल अभी बाकी है—इस चोरी के नेटवर्क में और कितने चेहरे शामिल हैं और नेपाल तक फैले इसके तार आखिर कहां तक जाते हैं?



