लखीमपुर खीरी में गूंजा भारत माता का जयघोष, विधायक अमन अरविंद गिरी के नेतृत्व में निकली भव्य तिरंगा यात्रा
तिरंगे के साथ कदम से कदम मिलाकर चले कार्यकर्ता, व्यापारी, युवा और स्कूली बच्चे; ‘भारत माता की जय’ और ‘वंदे मातरम्’ के नारों से गूंजा मैलानी

स्वतंत्रता दिवस से पहले मैलानी में राष्ट्रभक्ति का जबरदस्त उत्साह देखने को मिला। हाथों में तिरंगा और जुबां पर भारत माता की जय के नारों के साथ निकली भव्य तिरंगा यात्रा ने पूरे कस्बे को देशभक्ति के रंग में रंग दिया।
लखीमपुर खीरी के मैलानी कस्बे में स्वतंत्रता दिवस के उपलक्ष्य में भव्य तिरंगा यात्रा निकाली गई। गोला विधायक अमन अरविंद गिरी और मैलानी व्यापार मंडल अध्यक्ष पंडित राजेश शर्मा के नेतृत्व में निकली इस यात्रा में भाजपा कार्यकर्ताओं के साथ बड़ी संख्या में व्यापारी, युवा, महिलाएं, बुजुर्ग और स्कूली बच्चे शामिल हुए।
यात्रा का शुभारंभ मैलानी व्यापार मंडल अध्यक्ष पंडित राजेश शर्मा के प्रतिष्ठान से हुआ। इसके बाद तिरंगा यात्रा मुख्य बाजार, चमन चौराहा और मैलानी गांव से होते हुए आगे बढ़ी। यात्रा के दौरान जगह-जगह स्थानीय लोगों ने पुष्पवर्षा कर स्वागत किया।
हाथों में लहराते तिरंगे, देशभक्ति गीतों और ‘भारत माता की जय’, ‘वंदे मातरम्’ तथा ‘भारतीय सेना जिंदाबाद’ के नारों से पूरा मैलानी राष्ट्रभक्ति के रंग में सराबोर नजर आया। युवाओं और बच्चों में विशेष उत्साह देखने को मिला।
इस मौके पर विधायक अमन अरविंद गिरी ने कहा कि स्वतंत्रता दिवस केवल उत्सव मनाने का दिन नहीं, बल्कि देश की आजादी के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर करने वाले स्वतंत्रता सेनानियों और अमर शहीदों को याद करने का अवसर भी है। उन्होंने कहा कि देश की एकता, अखंडता और संप्रभुता को मजबूत करना प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है।
विधायक ने बताया कि भाजपा की ओर से 9 से 15 अगस्त तक मंडल और बूथ स्तर पर तिरंगा यात्राओं का आयोजन किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजनों का उद्देश्य लोगों में राष्ट्रप्रेम और राष्ट्रीय ध्वज के प्रति सम्मान की भावना को और मजबूत करना है।
यात्रा के समापन पर भी लोगों में खासा उत्साह नजर आया। तिरंगा यात्रा ने मैलानी में स्वतंत्रता दिवस के जश्न का माहौल और भी देशभक्तिमय बना दिया।



