मोहर्रम से पहले लखीमपुर खीरी में प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में है। ताजियों की ऊंचाई पर सीमा तय कर दी गई है, हथियारों के प्रदर्शन पर पूरी तरह प्रतिबंध लगा दिया गया है और सोशल मीडिया पर माहौल बिगाड़ने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की चेतावनी भी जारी कर दी गई है। आखिर प्रशासन को इतनी सख्ती क्यों करनी पड़ी? पढ़िए पूरी रिपोर्ट…

लखीमपुर खीरी। आगामी मोहर्रम पर्व को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के लिए गुरुवार को कलेक्ट्रेट स्थित अटल सभागार में जिला शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता जिलाधिकारी अंजनी कुमार सिंह और पुलिस अधीक्षक डॉ. ख्याति गर्ग ने की। बैठक में विभिन्न धर्मगुरुओं, संभ्रांत नागरिकों और प्रशासनिक अधिकारियों के साथ पर्व की तैयारियों और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर विस्तृत चर्चा की गई।


जिलाधिकारी अंजनी कुमार सिंह ने कहा कि मोहर्रम गम और मातम का पर्व है, जिसे गरिमा और परंपरा के अनुरूप मनाया जाना चाहिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि इस दौरान किसी भी प्रकार के अस्त्र-शस्त्र के प्रदर्शन की अनुमति नहीं होगी। साथ ही ताजियों की ऊंचाई 12 फीट से अधिक नहीं रखने के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि पूर्व में हुई घटनाओं से सीख लेते हुए सभी को निर्धारित नियमों का पालन करना होगा और किसी भी तरह की शरारत या माहौल बिगाड़ने की कोशिश करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
डीएम ने बताया कि प्रशासन और पुलिस लगातार सभी समुदायों के लोगों से संवाद बनाए हुए हैं और त्योहार को सकुशल संपन्न कराने के लिए व्यापक इंतजाम किए गए हैं। उन्होंने नगर निकायों और ग्राम पंचायतों को विशेष साफ-सफाई कराने के निर्देश देते हुए कहा कि धार्मिक स्थलों और जुलूस मार्गों पर बिजली, पानी और स्वच्छता की व्यवस्था समय से सुनिश्चित की जाएगी।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. ख्याति गर्ग ने कहा कि त्योहारों को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है, लेकिन इसमें आमजन की सहभागिता भी उतनी ही जरूरी है। उन्होंने लोगों से गंगा-जमुनी तहजीब और आपसी भाईचारे की परंपरा को बनाए रखने की अपील की।
एसएसपी ने सोशल मीडिया पर फैलने वाली अफवाहों और भ्रामक सूचनाओं से सतर्क रहने की सलाह देते हुए कहा कि किसी भी अपुष्ट जानकारी को साझा करने से बचें। यदि कोई संदिग्ध गतिविधि दिखाई दे तो तत्काल पुलिस को सूचना दें। माहौल बिगाड़ने या अफवाह फैलाने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

बैठक में एडीएम नरेंद्र बहादुर सिंह, एएसपी पूर्वी पवन गौतम, सहायक पुलिस अधीक्षक विवेक तिवारी, एसडीएम सदर अश्विनी कुमार सिंह, अधीक्षण अभियंता राजीव कुमार यादव, डिप्टी सीएमओ डॉ. धनीराम, डीपीआरओ विशाल सिंह समेत विभिन्न विभागों के अधिकारी और बड़ी संख्या में धर्मगुरु व संभ्रांत नागरिक मौजूद रहे। प्रशासन ने सभी से सहयोग और सौहार्द बनाए रखने की अपील करते हुए मोहर्रम को शांतिपूर्ण ढंग से मनाने का आह्वान किया।