प्रशासनराजनीतिलखीमपुर खीरी

लखीमपुर खीरी में विकास, विश्वास और जनकल्याण की झलक, विलोबी मैदान में तीन दिवसीय प्रदर्शनी का शुभारंभ

20 जून तक चलेगा आयोजन, आवास की चाबियों से लेकर युवा उद्यमियों को बांटे गए डेमो चेक

सेल्फी प्वाइंट पर उमड़ी भीड़, एलईडी वैन पर दिखाई गई 12 वर्षों की विकास यात्रा… लखीमपुर खीरी के विलोबी मैदान में केंद्र और प्रदेश सरकार की उपलब्धियों को लेकर शुरू हुई तीन दिवसीय प्रदर्शनी लोगों के आकर्षण का केंद्र बन गई है।

लखीमपुर खीरी। केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर विकास, विश्वास और जनकल्याण की तस्वीर मंगलवार को विलोबी मैदान में जीवंत नजर आई। जिला प्रशासन और सूचना एवं जनसंपर्क विभाग के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित तीन दिवसीय प्रदर्शनी का शुभारंभ भाजपा जिलाध्यक्ष अरविंद गुप्ता, पूर्व केंद्रीय गृह राज्यमंत्री अजय मिश्र टेनी और भाजपा प्रदेश मंत्री अर्चना मिश्रा ने मुख्य विकास अधिकारी अभिषेक कुमार की मौजूदगी में संयुक्त रूप से किया।


प्रदर्शनी में केंद्र और प्रदेश सरकार की योजनाओं और उपलब्धियों को चित्रों, मॉडलों तथा डिजिटल माध्यमों के जरिए आकर्षक ढंग से प्रदर्शित किया गया। यहां विकसित उत्तर प्रदेश-2047, महिलाओं, युवाओं और गरीबों के उत्थान से जुड़ी योजनाओं, एक्सप्रेस-वे, मेडिकल कॉलेज, धार्मिक स्थलों के विकास और मजबूत कानून व्यवस्था की झलक देखने को मिली। अतिथियों ने करीब 25 विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों का अवलोकन कर योजनाओं की जानकारी प्राप्त की।
कार्यक्रम में विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के लाभार्थियों को लाभ भी वितरित किए गए। धात्री महिलाओं की गोदभराई और बच्चों का अन्नप्राशन संस्कार कराया गया। वहीं विश्वकर्मा श्रम सम्मान योजना के तहत लाभार्थियों को टूलकिट प्रदान की गई। प्रधानमंत्री आवास योजना के लाभार्थियों को मकानों की चाबियां सौंपी गईं, जबकि आयुष्मान कार्ड वितरित किए गए। मुख्यमंत्री युवा उद्यमी योजना के तहत युवाओं को पांच-पांच लाख रुपये के डेमो चेक भी दिए गए।
प्रदर्शनी में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के चित्रों से सुसज्जित सेल्फी प्वाइंट लोगों के आकर्षण का केंद्र बना रहा। युवाओं और महिलाओं ने यहां जमकर सेल्फियां लीं। इसके अलावा एलईडी वैन पर दिखाई गई 12 वर्षों की विकास यात्रा से जुड़ी वीडियो फिल्म ने भी लोगों का ध्यान आकर्षित किया। फिल्म के माध्यम से सरकार की योजनाओं, नीतियों और उपलब्धियों की जानकारी आमजन तक पहुंचाई गई।
भाजपा प्रदेश मंत्री अर्चना मिश्रा ने कहा कि महिलाओं, युवाओं और गरीबों के उत्थान के लिए सरकार ने कई ऐतिहासिक फैसले लिए हैं और विकसित भारत का संकल्प तेजी से साकार हो रहा है। भाजपा जिलाध्यक्ष अरविंद गुप्ता ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में देश और प्रदेश आत्मनिर्भरता और विकास की नई ऊंचाइयों को छू रहे हैं।


पूर्व केंद्रीय गृह राज्यमंत्री अजय मिश्र टेनी ने कहा कि बीते 12 वर्षों में सरकार ने गरीब, किसान, महिला और युवाओं को विकास की मुख्यधारा से जोड़ने का काम किया है, जिससे आमजन के जीवन में सकारात्मक बदलाव आया है। मुख्य विकास अधिकारी अभिषेक कुमार ने बताया कि प्रदर्शनी का उद्देश्य सरकार की योजनाओं और उपलब्धियों को आमजन तक पहुंचाना है। यह प्रदर्शनी 20 जून तक चलेगी, जहां लोग विभिन्न योजनाओं की जानकारी प्राप्त करने के साथ उनका लाभ भी उठा सकेंगे।

Related Articles

Back to top button
Home
Mobile App
Search
YouTube
Facebook
error: © Ground Zero Report Digital Content is protected. Copying is not allowed.
f
लखीमपुर खीरीउत्तर प्रदेशदेशदुनिया